CG- तांत्रिक का खौफनाक खेल: पूजा के नाम पर पिलाया नशीला पानी, बेहोश कर महिला से किया दुष्कर्म, फिर ऐंठे लाखों रुपए……

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला के साथ दुष्कर्म और लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक तांत्रिक और उसकी महिला सहयोगी ने शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर पीड़िता को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसे ब्लैकमेल कर लाखों रुपये भी ऐंठ लिए। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों को न्यायिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ रायगढ़ जिले के लैलूंगा की रहने वाली 40 वर्षीय एक अविवाहित महिला की मुलाकात मार्च 2026 में एक परिचित के जरिए चंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी। आरोपी खुद को भविष्य बताने वाला और झाड़-फूंक व जड़ी-बूटियों से गंभीर बीमारियां ठीक करने वाला तांत्रिक होने का दावा करता था। पीड़िता ने जब अपनी शारीरिक तकलीफों और विवाह में आ रही अड़चनों का जिक्र किया, तो आरोपी ने तमाम बाधाओं को चुटकियों में दूर करने का झूठा भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच फोन और वाट्सएप पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया।
घटना 8 मार्च 2026 की है, जब आरोपी चंद्र कुमार ने पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान के बहाने पीड़िता को घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। महिला जब वहां पहुंची, तब गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत नाम की एक अन्य महिला भी मौजूद थी, जिसने खुद को पूजा-पाठ में मदद करने वाली सहयोगी बताया।
योजना के तहत पीड़िता से गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर बैठने को कहा गया। इसी दौरान मुख्य आरोपी ने हवन और पूजा के बीच एक ‘अभिमंत्रित जल’ तैयार किया और उसे पीने के लिए दे दिया। उस पानी में पहले से ही भारी मात्रा में नशे की दवा मिली हुई थी। पानी पीते ही महिला को चक्कर आने लगा और वह बेहोश हो गई। होश उड़ने वाली इस स्थिति का फायदा उठाते हुए आरोपी चंद्र कुमार ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता को होश आया और उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया।
हैवानियत का यह खेल यहीं नहीं थमा। आरोपियों ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले उससे छोटे-छोटे अमाउंट वसूले और बाद में ‘वेस्टिज कंपनी’ में बिजनेस के जरिए नौकरी व मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 6 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़िता ने पैसे वापस मांगने और पुलिस में जाने की बात कही, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 5 नवंबर 2026 को रायगढ़ कोतवाली में दी गई शिकायत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस घरघोड़ा थाना ट्रांसफर कर दिया। पुलिस की विवेचना में यह बात सामने आई कि मुख्य आरोपी चंद्र कुमार और गायत्री मानिकपुरी आपस में प्रेम संबंध में थे और दोनों ने मिलकर इस सुनियोजित ठगी व दुष्कर्म की साजिश रची थी।
पर्याप्त सबूत मिलने पर घरघोड़ा पुलिस ने 8 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों चंद्र कुमार जायसवाल (45 वर्ष) और गायत्री मानिकपुरी (39 वर्ष) को धर दबोचा और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के अंधविश्वास, झाड़-फूंक या तांत्रिकों के बहकावे में न आएं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए हमेशा योग्य डॉक्टरों की मदद लें।



