CG – बेटी की डोली उठने से पहले उठी माता-पिता की अर्थी, खरीदारी कर घर लौटते समय हुए हादसे के शिकार, परिवार में पसरा मातम……

लोरमी। मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां बेटी की शादी के लिए खरीदारी कर घर लौट रहे पति-पत्नी को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम लगरा के रहने वाले इंद्रेश्वर तिवारी (उम्र 56 वर्ष) और उनकी पत्नी देवेश्वरी तिवारी (उम्र 48 वर्ष) अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे थे। दोनों मुंगेली शहर से शादी के लिए जरूरी सामान और कपड़ों की खरीदारी कर अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इस दौरान नवोदय विद्यालय दाबो के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी सड़क पर काफी दूर जा गिरे और गंभीर चोट आने की वजह से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फास्टरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस हादसे के बाद पूरे लगरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विवेचना में जुट गई है।



