धमतरीनगरी

CG उफनती महानदी का कहर: सिहावा मुख्य पुल की रेलिंग बही, पुल का किनारा भी क्षतिग्रस्त

धमतरी में लगातार मूसलाधार बारिश और सोढूर बांध से छोड़े गए पानी के बाद हालात गंभीर, कई गांवों का संपर्क टूटा, प्रशासन ने पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद किया।

Chhattisgarh dhamtari नगरी-सिहावा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बेहद गंभीर कर दिए हैं। महानदी में आए उफान से सिहावा का मुख्य पुल बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेज बहाव के चलते पुल की पूरी सुरक्षा रेलिंग बह गई है, जबकि पुल का एक किनारा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रशासन ने पहले ही पुल पर आवागमन बंद कर दिया था और अब मौके पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

लगातार बारिश और सोढूर बांध से छोड़े गए पानी के कारण महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा। उफनती नदी अपने साथ लकड़ियां, पेड़ और मलबा बहाकर लाई, जो पुल से लगातार टकराते रहे। तेज दबाव और कटाव के कारण पुल की लोहे की सुरक्षा रेलिंग पूरी तरह बह गई और पुल का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम प्रीति दुर्गम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर तैनात है। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और लोगों को पुल पार करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

सिहावा-बोराई-ओडिशा मार्ग का पुल, सीतानदी पुल और कई एनीकेट भी जलमग्न हैं। कई गांवों का संपर्क टूट चुका है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी, पुल और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

फिलहाल बारिश जारी है और महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने साफ कहा है कि जलस्तर कम होने के बाद पुल का तकनीकी निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा। तब तक लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button