CG – युवक ने सरपंच के साथ किया ये काम, कानून का शिकंजा कसते ही भागा आरोपी, अब ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे…..

रायपुर। सतनामी समाज के सरपंच के साथ थाने के भीतर मारपीट करने के आरोपी और गोरक्षक गोल्डी शर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस मामले को लेकर सतनामी समाज में भारी आक्रोश था, जिसके चलते समाज के लोगों ने थाने का घेराव भी किया था। आरंग थाने में मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने दिल्ली से वापस आते ही रायपुर एयरपोर्ट पर धर दबोचा।
मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला आरंग थाना इलाके का है, जहाँ सतनामी समाज के एक सरपंच के साथ थाने में मारपीट की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद गुस्साए सतनामी समाज ने आरंग थाने का घेराव कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने गोल्डी शर्मा के खिलाफ ST/SC एक्ट के तहत FIR दर्ज की थी।
FIR दर्ज होने के बाद से ही आरोपी गोल्डी शर्मा लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दिल्ली गया हुआ है। जैसे ही वह दिल्ली से फ्लाइट से वापस लौटा, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रायपुर एयरपोर्ट पर ही रोककर हिरासत में ले लिया।
आरोपी गोल्डी शर्मा को हिरासत में लेने के बाद फिलहाल माना थाना में रखा गया है, जहाँ पुलिस अधिकारियों द्वारा उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक तौर पर बड़ा खुलासा किया जाएगा।



