CG -पति-पत्नी का झगड़ा रोकने पहुंचा था युवक, तभी आरोपी ने पेट पर झोंप दिया चाकू, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती……

बिलासपुर। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। विवाद शांत होने के बाद गुस्साए पति ने बीच में पड़ने वाले युवक पर हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश में था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर उसे जेल भेज दिया गया।
जाने पूरा मामला
अरुण कुमार यादव (पिता स्व. भोगीराम यादव, उम्र 62 वर्ष, निवासी- बहतराई, सरकंडा) ने थाना उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका लड़का महेंद्र यादव (उम्र 36 वर्ष) घर से घूमने गया था। रात्रि करीब 08:30 बजे प्रार्थी के दोस्त का लड़का विक्रम कौशिक ने घर आकर अर्जेंट काम बताकर प्रथम अस्पताल ले गया। वहां पहुंचने पर विक्रम ने बताया कि गांव का रहने वाला राहुल यादव अपने पत्नी के साथ बहतराई नया तालाब के पास आपस में झगड़ रहा था। जब प्रार्थी के लड़के महेंद्र उर्फ गोलू यादव ने राहुल यादव को अश्लील गाली-गलौज करने से मना किया, तो राहुल यादव अपनी पत्नी को लेकर वहां से चला गया।
कुछ देर बाद वापस आकर उसने महेंद्र यादव से कहा कि तुम हमारे आपस के लड़ाई में क्यों पड़ रहे हो और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर अपने हाथ में रखे बटनदार चाकू से महेंद्र के पेट में वार कर दिया। घायल को विक्रम कौशिक एवं अन्य साथियों द्वारा प्रथम अस्पताल सरकंडा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) BNS एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी, घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा
थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित किया गया। आरोपी राहूल यादव भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे मुखबीर की सूचना पर घेराबंदी कर घटना के कुछ घंटे की भीतर ही पकड़ लिया गया। आरोपी से पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किया एवं उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जिसमें खून लगा था, विधिवत जब्त कर कब्जा पुलिस लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।



