CG – भारी बारिश में स्कूल के बाहर हंगामा : इस वजह से भड़के छात्रों ने स्कूल में जड़ा ताला, करने लगे नारेबाजी, मौके पर पहुंचे तहसीलदार और पुलिस कर्मी…..

धमतरी/बालोद। शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बावजूद स्कूलों में शिक्षकों की कमी और युक्तियुक्तकरण के तहत स्कूलों के मर्ज किए जाने को लेकर छात्रों और पालकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सप्ताह के पहले ही दिन प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों से स्कूलों में तालाबंदी और प्रदर्शन की खबर सामने आई।
कहीं छात्र शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर स्कूल के गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन करते नजर आए, तो कहीं स्कूलों के मर्ज किए जाने के फैसले के खिलाफ पालकों ने विरोध जताया। शिक्षकों की कमी और स्कूलों के विलय से पढ़ाई प्रभावित होने का हवाला देते हुए छात्र-पालक प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
धमतरी जिले के बारना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों के साथ पालकों ने तेज बारिश में शिक्षकों की मांग को लेकर ताला जड़ दिया है। लंबे समय से शिक्षक की मांग कर रहे ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षकों की नियुक्ति तक स्कूल में ताला लगा रहेगा।
वहीं दूसरी ओर बालोद जिले में भी शासकीय नवीन प्राथमिक शाला शिकारीटोला क्रमांक 2 में पालकों ने आज ताला जड़ दिया। पालकों ने स्कूल को युक्तियुक्तकरण के तहत माध्यमिक विद्यालय करियाटोला में मर्ज करने को त्रुटिपूर्ण बताते हुए अधिकारियों पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। नाराज ग्रामीणों को मनाने के लिए मौके पर तहसीलदार देवेन्द्र नेताम औऱ पुलिस कर्मी पहुंचे हैं।



