राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में दुर्ग का दबदबा, जितेश यादव बने ‘स्ट्रॉन्गमैन ऑफ इंडिया’

दुर्ग। यूनाइटेड पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 6 से 9 अगस्त 2026 तक रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में दुर्ग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में दुर्ग की टीम ने कुल 4 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए।
इससे पहले 12 से 14 जून 2026 तक महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन गोंदिया एवं यूनाइटेड पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में वेस्ट जोन पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें भी दुर्ग की टीम ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। इसी प्रतियोगिता में दुर्ग के जितेश यादव को ‘स्ट्रॉन्गमैन’ के खिताब से नवाजा गया था।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 56 किलोग्राम वर्ग के सब-जूनियर वर्ग में जितेश यादव ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 62 किलोग्राम वर्ग में जूनियर प्रभाष कुमार नेताम ने स्वर्ण पदक तथा इसी वर्ग में जूनियर पूर्वज कुमार यादव ने कांस्य पदक जीता। 69 किलोग्राम वर्ग के जूनियर वर्ग में ऋषभ यादव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला वर्ग में 64 किलोग्राम वर्ग की जूनियर खिलाड़ी प्रिया सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल कर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ सब-जूनियर वर्ग के जितेश यादव ने एक बार फिर ‘स्ट्रॉन्गमैन ऑफ इंडिया’ का खिताब जीतकर दुर्ग और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया।
टीम की उपलब्धि पर पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव उदय कुमार वाल्मीकि, श्रीमती लता यादव, रश्मि मैडम, श्रीमती भारती चंद्राकर, पूजा यादव, हीना यादव, ज्ञानू चंदेल, अरविंद उके, मोहदानी भैया, रवि श्रीवास्तव, अविनाश पारकर, ऋषि यादव, लक्ष्मण नागेश, चैतराम सिन्हा, मनसुख मटियारा, आकाश निर्मलकर, हर्ष सिंह राजपूत, कुणाल जैन, प्रदीप सोनी, स्वप्निल नामदेव, दीपांशु साहू, शिवम नेताम, अंकुश सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
टीम के मैनेजर दीपांशु साहू एवं कोच नरेंद्र सिंह पारकर के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की। खिलाड़ियों की सफलता से दुर्ग शहर और छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी का माहौल है।



