CG- व्यापारी से लाखों की लूट, मारपीट कर 15 किलो चांदी और सोने के गहने ले उड़े दो बदमाश, आरोपियों की तलाश जारी….

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक व्यापारी के साथ लूट की वारदात सामने आई है। बदमाश व्यापारी से सोने-चांदी के गहने और नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने तत्काल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र के ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी के साथ यह घटना हुई।घटना तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र की है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी निवासी वार्ड क्रमांक 8, पाण्डातराई के अनुसार, वे अपने साथी नरेन्द्र पाटस्कर के साथ मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों द्वारा रास्ता रोककर मारपीट की गई, फिर उनके पास रखे बैग में मौजूद पुराना व नया सोना-चांदी के आभूषण व नगदी रकम लूटकर ले गए।
पीड़ित के अनुसार, बैग में लगभग 15 किलोग्राम से अधिक चांदी, 10-15 ग्राम के सोने के आभूषण और 1,50,000 रुपये नगद रखे हुए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम एसपी जितेन्द्र कुमार यादव ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। कल शाम से ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना व अन्य 3 थानों की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम इन आरोपियों की तलाश कर रही है। थाना तरेगांव जंगल पुलिस की टीम घटना से संबंधित जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।



