छत्तीसगढ़

CG – हनुमान जी की मूर्ति से मुकुट चोरी, पकड़े गए तो भगवान को बोले सॉरी, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे…..

कबीरधाम। जिले में हुनमान की मूर्ति से मुकुट चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से भगवान हनुमान की मूर्ति से चोरी हुआ लगभग 10 तोला चांदी का मुकुट भी बरामद कर लिया।

कवर्धा पुलिस के मुताबिक आरोपी योगेश दुबे और देवी मिश्रा दोनों ही शराब पीने का आदि है। अपने शराब पीने के शौक को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते रहते हैं। पुलिस ने बताया कि मंदिर से मुकुट की चोरी करने से पहले दोनों ने मंदिर की रेकी की। मंदिर में आने जाने के रास्ते चेक करने के बाद दोनों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

चोरी के बाद दोनों चोरों ने हनुमान जी के मुकुट को कचहरी पारा निवासी सराफा कारोबारी मनेन्द्र सोनी को मात्र 1800 रुपए में बेच दिया। घटना की जानकारी मंदिर के पुजारी को मिलने पर उन्होंने 15 अप्रैल को सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की।

इसी दौरान पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की जानकारी मिली, जिसमें कुछ लोग एक युवक की पिटाई करते नजर आए। जांच में पता चला कि उक्त युवक योगेश दुबे है, जिसे मंदिर चोरी के संदेह में पीटा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने देवी मिश्रा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने देवी मिश्रा और मुकुट खरीदने वाले मनेन्द्र सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। साथ ही सोनी के घर से चोरी का मुकुट बरामद कर लिया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी पुष्पेन्द्र बघेल ने बताया कि पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया है और आगे भी ऐसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button