CG – नपेंगे 74 पटवारी : धान खरीदी के दौरान की थी यह बड़ी गलती, शोकाज नोटिस जारी कर मांगा जवाब, जाने पूरा मामला…..
बिलासपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान खसरों की गलत एंट्री करने वाले 74 पटवारियों को नोटिस जारी किया गया है। इन सभी पटवारियों पर आरोप है कि सात फीसदी खसरे का गलत रकबे में एंट्री कर दी गई है। यह गड़बड़ी तब सामने आई जब भौतिक सत्यापन किया गया। भौतिक सत्यापन के लिए जिले को तहसील स्तर पर 13608 खसरे दिए गए थे। इन खसरों का मौके पर जाकर सत्यापन करना था और रिपोर्ट पेश करनी थी।
भौतिक सत्यापन के दौरान इस बात की जानकारी मिली कि कुल 93.33 फीसदी खसरे में धान की फसल ली गई थी। 6.67 फीसदी खसरे पर धान की फसल नहीं पाई गई। मतलब ये कि पटवारियों ने इन खसरों में धान की फसल लेने की गलत जानकारी एंट्री कर दी थी। भौतिक सत्यापन के बाद इसमें जरुरी सुधार किया गया। सुधार के साथ ही मौके पर एंट्री करने के बजाय घर बैठे एंट्री करने वाले 74 पटवारियों को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने का निर्देश दिया गया है।