CG – महिलाओं से धोखाधड़ी करने वाला शातिर ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे : स्व.सहायता समूह के नाम पर 25 लाख की ठगी डेढ़ साल बाद पुणे से गिरफ्तार पढ़े पूरी ख़बर
कोरबा//गांव की भोली- भाली महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सपना दिखाकर उन्हें ही ठगी का शिकार बनाने वाले एक शातिर आरोपी को आखिरकार पाली पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पिछले डेढ़ साल से फरार चल रहा था।
आरोपी का नाम पवन कुमार गौड़ पिता बृजपाल सिंह गौड़, निवासी ग्राम कोड़ार, थाना पाली है। आरोपी ने गांव की महिलाओं को संगठित कर महिला स्व. सहायता समूह बनवाए। समूह बनाने के बाद उसने महिलाओं के नाम पर बैंक खाते खुलवाए और कागजी कार्रवाई का झांसा देकर विभिन्न बैंकों से उनके समूहों के नाम पर लगभग 25 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करा लिया।
लोन की पूरी राशि अपने पास रखकर आरोपी रातों- रात गांव छोड़कर फरार हो गया। कुछ दिनों बाद जब बैंकों से लोन की किस्त और नोटिस महिलाओं के पास पहुंचने लगे, तब जाकर उन्हें अपने साथ हुई इस बड़ी धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित महिलाओं ने एकजुट होकर पाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धोखाधड़ी व गबन की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया।
आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम और साइबर सेल की तकनीकी मदद से उसकी लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे में ट्रेस हुई। पाली पुलिस की टीम ने तत्काल पुणे रवाना होकर घेराबंदी की और आरोपी पवन कुमार को धर दबोचा। उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाया गया और न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कर दिया गया है।


