CG- युवक ने की आत्महत्या : फांसी लगाकर दी जान, 19 पन्नों के सुसाइड नोट में बताई मौत की वजह….

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा बायपास के पास 36 वर्षीय शिवचरण साहू का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक ढेलवाडीह का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवक की जेब से 19 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने कई लोगों पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से होगी सुसाइड नोट की जांच
पुलिस के अनुसार, मृतक की जेब से मिले 19 पन्नों के सुसाइड नोट में दर्ज तथ्यों और आरोपों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस सुसाइड नोट की लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराएगी, ताकि यह पुष्टि हो सके कि नोट मृतक ने ही लिखा है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी व्यक्ति द्वारा आत्महत्या के लिए उकसाने या प्रताड़ित करने के ठोस तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया जाएगा।
ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू पहले मेडिकल दुकान चलाता था। बाद में उसने क्षेत्र में एक मिडिल स्कूल शुरू किया। स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध कराने की प्रक्रिया के दौरान उसकी पहचान रायपुर के एक व्यक्ति से हुई। बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने पर मोटा मुनाफा मिलने का लालच दिया था। इसी झांसे में आकर शिवचरण ने वर्ष 2018 से 2020 के बीच कटघोरा, कोरबा और आसपास के दर्जनों युवाओं से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 50 लाख रुपए जुटाए और वह रकम रायपुर के उस व्यक्ति को सौंप दी।
कोरोना काल के दौरान उस व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे युवाओं से जुटाई गई करीब 50 लाख रुपए की बड़ी रकम फंस गई। इसी दौर में लॉकडाउन लगने के कारण शिवचरण का मिडिल स्कूल भी बंद हो गया और उसकी आर्थिक स्थिति बुरी तरह चरमरा गई। जब युवाओं की सरकारी नौकरी नहीं लगी, तो रकम देने वाले युवाओं और लेनदारों ने शिवचरण पर पैसे वापस करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि लगातार हो रहे तगादे और पैसों की मांग से शिवचरण गहरे तनाव में था। हालात ऐसे बने कि वह पिछले चार-पांच साल से अपने घर से दूर कोरबा में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करते हुए किसी तरह गुजर-बसर कर रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



