निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण, धमतरी के 7 हितग्राहियों का होगा चयन

CIPET रायपुर में 480 घंटे का निःशुल्क प्रशिक्षण, प्लास्टिक उद्योग में मशीन ऑपरेटर के रूप में रोजगार का मिलेगा अवसर
धमतरी। निर्माण श्रमिकों के बच्चों एवं उनके आश्रितों को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने पहल की है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत धमतरी जिले के 7 पात्र हितग्राहियों का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण के लिए चयन किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर (प्लास्टिक प्रोसेसिंग टेक) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण रायपुर स्थित CIPET (केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान) में आयोजित होगा। प्रशिक्षण की कुल अवधि 480 घंटे यानी लगभग 80 दिवस निर्धारित की गई है। यह प्रशिक्षण भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अधीन NCVET से अनुमोदित है।
प्रशिक्षण के बाद प्लास्टिक उद्योग में रोजगार का अवसर
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद चयनित हितग्राहियों को प्लास्टिक उद्योगों में मशीन ऑपरेटर के रूप में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इससे निर्माण श्रमिक परिवारों के युवाओं को तकनीकी कौशल हासिल करने के साथ रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।

ये हैं पात्रता की शर्तें…
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होना जरूरी है। आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। इसके साथ ही आवेदक छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए।
योजना के तहत संबंधित श्रमिक का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कम से कम तीन वर्ष से पंजीयन होना अनिवार्य है। आवेदक पंजीकृत निर्माण श्रमिक का पात्र आश्रित होना चाहिए।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
इच्छुक एवं पात्र हितग्राही श्रम विभाग के पोर्टल shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला श्रम कार्यालय, धमतरी में संपर्क किया जा सकता है।
युवाओं से योजना का लाभ लेने की अपील
जिला श्रम पदाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हितग्राहियों के लिए प्लास्टिक उद्योगों में मशीन ऑपरेटर के रूप में रोजगार की संभावनाएं उपलब्ध होंगी। योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिक परिवारों के युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है।
पात्र युवाओं से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है।
