धमतरीनगरी

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा का नगरी दौरा,चेक डैम, तहसील कार्यालय और चौपाटी निर्माण का किया निरीक्षण,अधिकारियों को दिए निर्देश…

धमतरी… कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज नगरी प्रवास के दौरान विकासखंड में संचालित विभिन्न विकास एवं जनहितकारी कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति, गुणवत्ता एवं उपयोगिता का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्राम फरसिया में निर्मित आजीविका डबरी तथा ग्राम गोरेगांव में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन आजीविका शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों एवं अधिकारियों से चर्चा कर आजीविका गतिविधियों को स्थानीय जरूरतों से जोड़ते हुए अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से विद्युत सर्विस स्टेशन तथा सौर ऊर्जा आधारित आवासों की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित पानी टंकी के हैंडओवर में विलंब की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रक्रिया पूर्ण कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने मेगा फाउंडेशन द्वारा महानदी पर ग्राम समतरा, छिपली एवं नगरी क्षेत्र में बनाए जा रहे चेक डैम कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन की दृष्टि से इन संरचनाओं को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यों को तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के स्थायी उपाय ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं।

बेलरगांव में नवनिर्मित तहसील कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने परिसर में सड़क, गार्डन, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, बाउंड्री वॉल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। ग्रामीणों द्वारा नोटरी सुविधा उपलब्ध नहीं होने से नगरी तक जाना पड़ने की समस्या बताने पर कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में जल्द ही नोटरी सुविधा प्रारंभ कराने तथा अधिवक्ताओं के बैठने हेतु समुचित व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कॉलेज, आईटीआई, सहकारी बैंक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए पर्याप्त भूमि आरक्षित रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही ग्रामीणों की सुविधा हेतु सामुदायिक उपयोग के लिए मैरिज हॉल निर्माण की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने गणेश घाट में सड़क चौड़ीकरण कार्य एवं एनीकट निर्माण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं, मलबा निष्पादन तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्य को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

नगरी में निर्माणाधीन चौपाटी निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने दुकानों की संख्या, लागत, निर्माण अवधि एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पार्किंग स्थल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं आमजन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि यह स्थल भविष्य में स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र ठाकुर, एसडीएम श्रीमती प्रीति दुर्गम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे ।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button