
समय पर स्कूल नहीं पहुंचने और शराब के नशे में आने सहित कई गंभीर आरोप, वर्षों से शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी
नगरी। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत घुरावड़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्राचार्य को पद से हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ग्रामसभा में पहुंच गए और अपनी समस्याएं रखते हुए नाराजगी जाहिर की। विद्यार्थियों ने प्राचार्य पर समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने, शराब के नशे में स्कूल आने और विद्यालय में शैक्षणिक माहौल प्रभावित होने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामसभा में विद्यार्थियों ने रखी अपनी पीड़ा
ग्रामसभा में विद्यार्थियों एवं शाला नायक ने बताया कि प्राचार्य के विद्यालय आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है। छात्रों ने शराब के नशे में स्कूल पहुंचने की शिकायत भी की। इसके अलावा विद्यालय परिसर में शराब पीने से संबंधित वीडियो सामने आने की बात कही गई। विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्य के पुत्र द्वारा फोन के माध्यम से उन्हें धमकी दी गई है।
छात्रों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार ऐसी परिस्थितियों के कारण उनकी पढ़ाई और विद्यालय का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
सरपंच बोले- वर्षों से हो रही शिकायत, अब आंदोलन की तैयारी
ग्राम पंचायत के सरपंच महेश ने बताया कि छात्र-छात्राएं पहले भी प्राचार्य की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत कर चुके हैं। इस मामले से कलेक्टर एवं संबंधित उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए अब ग्रामीण आंदोलन करने के लिए भी तैयार हैं।
जनपद सदस्य ने भी उठाए सवाल
जनपद सदस्य मौसमी मंडावी ने कहा कि वे कई बार विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंची हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान संबंधित प्राचार्य को विद्यार्थियों को पढ़ाते हुए नहीं देखा। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
ग्रामसभा ने उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंचाने की कही बात
ग्रामसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्राचार्य के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं। ग्राम पंचायत ग्रामीणों के साथ मिलकर इस मामले में उचित पहल करेगी। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उच्च अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।
इस दौरान जनपद सदस्य मंगल राम नेताम, ग्रामसभा अध्यक्ष महेश राम नेताम, सरपंच तिलक राम नेताम, बिदेराम, रतन लाल, ग्राम पटेल, ईश्वर मंडावी, उपसरपंच बृजलाल नेताम, पंच राधिका मरकाम, गैदी मरकाम, लेश्वरी नाग, राधाबाई मरकाम, इतवारी राम नेताम, बिसाऊ राम मंडावी, नीता जैन, सीताराम नेताम, शिवप्रसाद नाग, जैन बाई नेताम, विजय, विमल मरकाम, गोवर्धन, बिजक राम मंडावी, मनबोध नाग, संतोषी, महेंद्र ध्रुव, सोनऊ राम नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अब शिक्षा विभाग की जांच पर टिकी निगाहें
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि वर्षों से शिकायतें मिलने के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई? क्या विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी?
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घुरावड़ विद्यालय का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और विद्यार्थियों की मांग पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।