धमतरी

संविधान दिवस पर कलेक्टोरेट में गूंजा संविधान का संकल्प, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली निष्ठा की शपथ

धमतरी। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को धमतरी कलेक्टोरेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने का संकल्प लिया।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी ने अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई।

इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।

एकता, अखंडता और बंधुता बनाए रखने का लिया संकल्प

शपथ के दौरान राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने, प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करने और नागरिकों के बीच बंधुता की भावना को मजबूत करने का भी संकल्प लिया गया।

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

संविधान दिवस लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ नागरिकों और लोकसेवकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है।

Related Articles

Back to top button