छत्तीसगढ़

भोरमदेव पदयात्रा में उमड़ा शिवभक्तों का जनसैलाब,उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शुभारंभ।

कवर्धा/श्रावण मास के प्रथम सोमवार को भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था से सराबोर 18 किलोमीटर लंबी भोरमदेव पदयात्रा का शुभारंभ पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर से हुआ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई तथा स्वयं भी हजारों श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।

भोरमदेव धाम की ओर बढ़ रही इस विशाल पदयात्रा में जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों शिवभक्त शामिल हुए। श्रद्धालुओं के हाथों में भगवा ध्वज,कंधों पर कांवड़ और मुख पर ..हर-हर महादेव..,..बोल बम.. तथा..जय भोलेनाथ…के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो उठा।

पदयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों ने शिवगणों और भगवान भोलेनाथ के स्वरूप में आकर्षक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तजन बाबा भोरमदेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते रहे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि,खुशहाली और कल्याण की कामना करते हुए कहा कि भोरमदेव पदयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है।

भोरमदेव मार्ग पर जगह-जगह ग्रामीणों,सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं द्वारा पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। शिवभक्तों के लिए पेयजल,चाय और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई,जिससे पूरी यात्रा के दौरान सेवा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।

श्रावण मास के पावन अवसर पर निकली इस पदयात्रा ने एक बार फिर भोरमदेव धाम के प्रति लोगों की गहरी आस्था और शिवभक्ति का परिचय दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button