
साहनीखार एनीकट में मिला लापता युवक का शव, मछली पकड़ने गया था नदी में
Chhattisgarh धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने के दौरान लापता हुए फरसिया निवासी गुलाल पहरिया (35 वर्ष) का शव सोमवार को नदी से बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ और सिहावा पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाकर नदी से शव बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, गुलाल पहरिया अपने साथियों के साथ साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने सिहावा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने नदी में लगातार खोजबीन शुरू की।
सोमवार को सघन तलाशी अभियान के दौरान नदी से गुलाल पहरिया का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे फरसिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गौरतलब है कि इसी साहनीखार एनीकट में कुछ दिन पहले घोटगांव निवासी धनराज तेता (48 वर्ष) भी तेज बहाव में बह गए थे, जिनका शव भी एनडीआरएफ और पुलिस ने बरामद किया था। एक ही स्थान से दूसरी मौत सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है,पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।