छत्तीसगढ़

कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर पशुओं को देख उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लगाई अधिकारियों को फटकार, हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलाकर ली रेस्क्यू और नियमित निरीक्षण की जानकारी,लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी।

कवर्धा/कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच बैठे पशुओं को देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। मंगलवार देर रात कवर्धा जाते समय बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और अधिकारियों से मोबाइल पर हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार हाइवे पेट्रोलिंग वाहन द्वारा किए जा रहे नियमित निरीक्षण और पशु रेस्क्यू की जानकारी मांगी। इसके बाद उन्होंने पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलवाकर अब तक किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रतिदिन की जा रही पेट्रोलिंग की विस्तृत जानकारी ली।

श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि कवर्धा से बेमेतरा तक मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। सड़क पर बैठे अथवा विचरण कर रहे पशुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। साथ ही मार्ग से लगे गांवों के स्थानीय लोगों के माध्यम से पेट्रोलिंग गतिविधियों की नियमित जानकारी लेने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि हाइवे पर पशुओं की मौजूदगी से गौवंश के साथ वाहन चालकों और यात्रियों की जान को भी खतरा रहता है। विशेषकर रात में कम दृश्यता के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए पेट्रोलिंग दल को पूरी मुस्तैदी से काम करना होगा।

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा और गौवंश की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button