जन्मदिन पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का स्वच्छता संदेश,कहा स्वच्छता में ही होता है भगवान का वास… ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को जनआंदोलन बनाने की अपील,घर-घर कचरा पृथक्करण पर दिया जोर

कवर्धा/ छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशवासियों,विशेषकर ग्रामीणों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ..स्वच्छता में ही होता है भगवान का वास..और स्वच्छ गांव ही स्वस्थ, समृद्ध तथा आत्मनिर्भर गांव की पहचान है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर लोगों ने घर-घर शौचालय निर्माण को सफल बनाया, उसी तरह अब हर घर से कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को सफल बनाया सकता है।
जिला पंचायत कबीरधाम द्वारा जिले की 60 ग्राम पंचायतों में स्रोत पर कचरा पृथक्करण की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक घर में चार रंगों के डिब्बों के माध्यम से गीला, सूखा,सेनेटरी एवं खतरनाक तथा ई-वेस्ट को अलग-अलग रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि घर से ही कचरे का सही पृथक्करण करने से गांव बीमारियों से सुरक्षित रहेंगे, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और गीले कचरे से कम्पोस्ट तथा सूखे कचरे का पुनर्चक्रण संभव होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमों का पालन कर..स्वच्छ छत्तीसगढ़, स्वस्थ छत्तीसगढ़.. के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता दीदियों के माध्यम से घर-घर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
जिला समन्वयक,स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) संजय सोनी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री द्वारा अपने जन्मदिन पर दिया गया स्वच्छता संदेश ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रति अधिक जागरूक करेगा।
जिला पंचायत कबीरधाम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे कचरे का पृथक्करण कर नियमों का पालन करें और अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।


