छत्तीसगढ़

CG-धान रोपाई के दौरान खेत में बवाल : खूब चले लाठी-डंडे, युवती को दी रेप की धमकी, सरपंच समेत 10 पर केस दर्ज…..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रघुनाथपुर के टुकुपखना गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि धान की रोपाई के दौरान एक पक्ष के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर खेत में पहुंचे और दो ट्रैक्टरों से खड़ी धान की फसल को रौंद दिया। विरोध करने पर महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, आवेदक संजय बड़ा सहित अन्य ग्रामीणों ने पत्थलगांव थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि भगवानो यादव और उसके परिवार के अन्य सदस्य विवादित खेत में जबरन पहुंचे और जातिसूचक गालियां देते हुए उन्हें खेत से बाहर जाने के लिए मजबूर किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान मिलो बाई के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंची एक युवती के साथ अभद्रता करने और उसे जबरन ले जाने के साथ दुष्कर्म की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने ग्राम सरपंच गरीब साय समेत 10 लोगों के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।

इधर दूसरे पक्ष के भगवानो यादव ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ है, वह राजस्व अभिलेख में खसरा नंबर 73/14, रकबा 0.421 हेक्टेयर, धनेश्वर पिता लालो के नाम दर्ज है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद दूसरा पक्ष लगातार उक्त भूमि पर अपना दावा करते हुए विवाद कर रहा है।

सरपंच गरीब साय ने बताया
वहीं, ग्राम सरपंच गरीब साय ने बताया कि विवाद उनके सामने हुआ था। उनके अनुसार महिलाओं के बीच पहले गाली-गलौज हुई, जिसके बाद झूमाझटकी की स्थिति बनी। सरपंच ने अन्य लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।

वहीं मामले को लेकर एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि धान की रोपाई के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले में 10 लोगों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button