धमतरी

चिट्टे के सौदागरों पर धमतरी पुलिस का शिकंजा! मंदिर के पास ग्राहक तलाश रहे 3 तस्कर दबोचे, ₹3.53 लाख का माल जब्त..

सोरिद नगर के शीतला मंदिर के पास पुलिस की दबिश, ₹3.53 लाख से ज्यादा का मशरूका बरामद; पूछताछ में कथित मुख्य सप्लायर का नाम सामने आया

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत थाना सिटी कोतवाली और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री में कथित रूप से संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा नगदी, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, मोबाइल फोन और लाइटर समेत कुल लगभग 3,53,520 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

शीतला मंदिर के पास ग्राहक तलाश रहे थे युवक

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को स्पेशल टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक हेरोइन (चिट्टा) लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर घेराबंदी की और तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।

तीन आरोपी गिरफ्तार…पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

– केशव उर्फ बब्लू सोनी (24 वर्ष) — रिसाई पारा, कोडेमल धर्मशाला के सामने, धमतरी।

– शुभम सोनी (19 वर्ष) — जोधापुर वार्ड, डाकबंगला वार्ड, शंकर नगर, धमतरी।

– आशुतोष उर्फ आशु तिवारी (25 वर्ष) — आमा तालाब रोड, इंडोर स्टेडियम के पास, धमतरी, 15 ग्राम चिट्टा सहित ₹3.53 लाख से ज्यादा का सामान जब्त

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से—

– 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा)

– 9,000 रुपये नगद बिक्री रकम

– 1 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन

– 3 एंड्रॉइड मोबाइल फोन

– 2 लाइटर

बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3,53,520 रुपये बताई है।

पूछताछ में सामने आया कथित मुख्य सप्लायर का नाम

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर मामले में एक कथित मुख्य सप्लायर की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस टीम अब उसकी पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय (NDPS) के समक्ष प्रस्तुत करने और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

धमतरी पुलिस की अपील—नशे के कारोबार की सूचना दें

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी,पुलिस ने कहा कि युवाओं के भविष्य और समाज के लिए नशा गंभीर खतरा है। नशामुक्त धमतरी के निर्माण के लिए पुलिस का सहयोग करें

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button