
Chattisgarh धमतरी। धमतरी जिला मुख्यालय से लगे ग्राम शंकरदहा के निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान खिलेश कुमार ध्रुव (32 वर्ष) का निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे गांव सहित जिले में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खिलेश कुमार ध्रुव आईटीबीपी में गुवाहाटी (असम) में पदस्थ थे। वे छत्तीसगढ़ के नारायणपुर स्थित कैंप से ड्यूटी पूरी कर वापस गुवाहाटी लौट रहे थे। इसी दौरान 19 जुलाई 2026 (रविवार) को अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से उनका निधन हो गया।
स्वर्गीय खिलेश कुमार ध्रुव, पंचायत विभाग में पदस्थ पंचायत सचिव खूबचंद ध्रुव के छोटे भाई तथा गणपत राम ध्रुव के पुत्र थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम संस्कार का कार्यक्रम 21 जुलाई 2026 (मंगलवार) को उनके पैतृक ग्राम शंकरदहा में रखा गया है।
देश सेवा के प्रति समर्पित जवान के असामयिक निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। सर्व आदिवासी समाज, जिला धमतरी के मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र राज ध्रुव ने भी दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।



