धमतरी के नई पुलिस कप्तान भावना पांडेय ने संभाला कार्यभार, अधिकारियों को दिए बेहतर पुलिसिंग के निर्देश..!
धमतरी को मिली नई पुलिस अधीक्षक, आईपीएस भावना पांडेय ने संभाला कार्यभार
Dhamtari धमतरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक मिल गई हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी श्रीमती भावना पांडेय ने सोमवार को धमतरी पुलिस अधीक्षक (एसपी) का विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार ने उन्हें विभागीय कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग तथा चल रहे विशेष अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।
पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने नई एसपी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनके नेतृत्व में बेहतर कानून-व्यवस्था एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग की उम्मीद जताई।
कार्यभार संभालने के बाद एसपी भावना पांडेय ने कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना होगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके बाद नई पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, कार्यालयीन अनुशासन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया। साथ ही आमजन की शिकायतों का संवेदनशील एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।