CG – सीपत में नशीली दवा तस्करी का खुलासा: यूपी के मथुरा से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//सीपत इलाके के गुड़ी में नशीली दवाएं खपाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया था, अब उनको प्रतिबंधित दवाएं सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को उत्तरप्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाकर जेल भेज दिया है।
सीपत पुलिस के अनुसार ग्राम गुड़ी में दबिश देकर नशीली दवाएं खपाने वाले उग्रसेन सेन लोनिया, मुकेश कुमार लोनिया और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा लोनिया को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से करीब 19 लाख रुपए की प्रतिबंधित नशीली दवाएं और दो मोबाइल जब्त किए गए थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सप्लायर के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी सप्लायर राहुल अग्रवाल पिता महेश चंद अग्रवाल, उम्र 46 वर्ष, निवासी गोविंद नगर, मथुरा (उत्तरप्रदेश) से संपर्क साधा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन पर बिलासपुर पुलिस की एक टीम मथुरा रवाना हुई। टीम ने गोविंद नगर में घेराबंदी कर दबिश दी और राहुल अग्रवाल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर मथुरा कोर्ट में पेश किया गया और वहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर बिलासपुर लाया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले में दो आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं।




