धमतरीनगरी

कसपुर में नए 33/11 केवी उपकेंद्र का असर, लो-वोल्टेज और बिजली कटौती से ग्रामीणों को राहत,सात गांवों में बेहतर हुई बिजली व्यवस्था, कलेक्टर ने दिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश…

धमतरी… जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत बेलारगांव क्षेत्र के ग्राम कसपुर में नव निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रहा है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज अपने नगरी प्रवास के दौरान विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था तथा ग्रामीणों को मिलने वाले लाभों की जानकारी अधिकारियों से ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन गांवों में पूर्व में लो-वोल्टेज अथवा विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याएं रही हैं, उनकी विस्तृत सूची तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए आवश्यकतानुसार तकनीकी सुधार एवं विस्तार कार्य समयबद्ध रूप से किए जाएं।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि कसपुर में स्थापित इस नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के प्रारंभ होने से आसपास के सात गांवों तथा कसपुर के विभिन्न मोहल्लों में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या में उल्लेखनीय सुधार आया है। अब क्षेत्र में स्थिर वोल्टेज के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति हो रही है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। विद्युत व्यवस्था में सुधार से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों, विद्यार्थियों एवं छोटे व्यवसायों को भी लाभ मिल रहा है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि बेहतर विद्युत व्यवस्था ग्रामीण विकास की आधारशिला है। इससे शिक्षा, सिंचाई, आजीविका और लघु उद्योगों को गति मिलती है तथा ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम नगरी सुश्री प्रीति दुर्गम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री विमल साहू, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री राठौर, उप संचालक पंचायत श्री नकुल वर्मा सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button