नगरी में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट के बाद आग,आसमान में छाया काला धुआं…घंटों बाधित रही बिजली…!
एंकर इन्ट्रो
छत्तीसगढ़ धमतरी…नगरी में वार्ड क्रमांक 7 में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बीएसएनएल टॉवर के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर के समय तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक बंदर के ट्रांसफार्मर पर कूदने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। हादसे में बंदर की मौके पर ही मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लपटें बिजली तारों तक पहुंच गईं और कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम फायर ब्रिगेड वाहन के साथ मौके पर पहुंची। सबसे पहले विद्युत सप्लाई बंद करवाई गई, जिसके बाद फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि ट्रांसफार्मर के आसपास मकान, दुकानें और अन्य विद्युत उपकरण मौजूद थे।
आग लगने के दौरान लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और दूर खड़े होकर राहत एवं बचाव कार्य देखते रहे। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर आग कुछ देर और फैलती, तो आसपास के घर इसकी चपेट में आ सकते थे।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या ट्रांसफार्मर में ओवरलोड माना जा रहा है। हालांकि विद्युत विभाग द्वारा वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।