अन्य ख़बरें

नगरी के तुमबाहारा वार्ड में पहली बार भव्य दशहरा आयोजन, 25 फीट ऊंचे रावण का हुआ दहन

रामलीला के मंचन ने बांधा समां, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने ग्रामीणों को दी दशहरा पर्व की शुभकामनाएं

नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 2 तुमबाहारा में पहली बार दशहरा पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रामलीला के मंचन ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, लगभग 25 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन कर असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। ग्रामीणों के उत्साह और रामलीला कलाकारों के समर्पण ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने समस्त ग्रामीणों को दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दशहरा हमें संदेश देता है कि अहंकार, अधर्म और अत्याचार चाहे कितने भी बढ़ जाएं, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।

उन्होंने वार्ड तुमबाहारा में पहली बार रामलीला का आयोजन किए जाने को सराहनीय पहल बताते हुए ग्रामीणों के उत्साह और समर्पण की प्रशंसा की। साथ ही ग्रामीणों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भी इसी उमंग और एकजुटता के साथ दशहरा पर्व मनाया जाए तथा आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाए।

रामलीला मंचन एवं रावण दहन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद देवचरण ध्रुव, महिला एवं बाल विकास सभापति चेलश्वरी साहू, स्वास्थ्य विभाग सभापति शंकर देव, पार्षद जयंती टुकेश्वरी साहू, नमनदीप छाबड़ा, गणेश कुंजाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सभी ने मिलकर दशहरा पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाया। तुमबाहारा में प्रथम वर्ष आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों के बीच आपसी एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक आस्था को मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button