
धमतरी….सोशल मीडिया पर वायरल हुए वन्यजीवों के कथित शिकार के वीडियो ने पांच युवकों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। धामन सांप और गोह के कथित शिकार का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वन विभाग के मुताबिक, कुछ दिन पहले बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के जंगल में धामन सांप और गोह के कथित शिकार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वन्यजीवों के साथ कथित तौर पर क्रूरतापूर्ण व्यवहार भी दिखाई दिया। मामला सामने आते ही विभाग ने जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी-पोचिंग टीम, बिरगुड़ी और नरहरपुर वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने तकनीकी और स्थानीय जानकारी के आधार पर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर शिकार की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
वन विभाग के अनुसार, आरोपियों ने जंगल में धामन सांप और गोह का शिकार करने के बाद उनका मांस पकाकर खाया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद, घसिया, प्रदीप, शैलेंद्र और शिवानंद के रूप में हुई है। सभी नरहरपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव का शिकार करना, उसे नुकसान पहुंचाना या उससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना कानूनन अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें, ताकि वन्यजीवों के संरक्षण के लिए समय पर कार्रवाई की जा सके।