CG – काल बनकर चार बच्चों पर गिरी बिजली, दो की मौके पर हुई मौत, दो बच्चों की हालत गंभीर, इलाके में दहशत का माहौल……

सरगुजा। जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम बांसपारा से बड़ी खबर सामने आई है। जहां बारिश से बचने, पेड़ के नीचे खड़े चार बच्चों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। दो बालक झुलस गए। सभी को धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सक ने दो बच्चों के मौत की पुष्टि कर दी। दो बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर में शिफ्ट कर दिया गया है।
मृतकों में ग्राम नागम निवासी संदीप पिता लोहरा नगेसिया (11) और रोशन पिता विजय दास पनिका (12) है। इसी गांव के प्रभु राम पिता भीमसाय नगेसिया (12) तथा दिनेश पिता भीमसाय नगेसिया (11) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों बच्चे सगे भाई हैं।
जानिए पूरा मामला
संदीप, रोशन, प्रभु राम और दिनेश घर से खेलने निकले थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चारों बच्चे ग्राम पंचायत नागम के पास सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। ग्रामीणों ने बताया, बच्चों के पास मोबाइल भी था। इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चारों उसकी चपेट में आ गए। संदीप और रोशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल प्रभु राम व दिनेश को धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
बता दें ग्राम डुमरी में बीते महीने आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी। मानसून के इस सीजन में सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली से लगातार मौतें हो रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के समय पेड़ के नीचे खड़ा होना और मोबाइल का उपयोग करना सबसे ज्यादा खतरनाक होता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गर्जना के समय खुले में, पेड़ के नीचे या ऊंचे स्थान पर न रुकें और सुरक्षित स्थान पर चले जाए।



