धमतरी के छिपली गांव में रामलीला के दौरान बड़ा हादसा! हनुमान समेत 3 किरदार आग की चपेट में, मची अफरा-तफरी

धमतरी/नगरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम छिपली में दशहरे के अवसर पर आयोजित रामलीला मंचन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 20 अक्टूबर को रामलीला के मंचन के दौरान अचानक आग लगने से हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकार समेत तीन लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आपको बता दें कि दशहरे के अवसर पर ग्राम छिपली में स्थानीय कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा था। दर्शकों को आकर्षित करने के लिए आग से जुड़ा करतब दिखाने के दौरान मिट्टी तेल का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान आग भड़क उठी और कलाकारों की वेशभूषा तथा नकली बालों तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग की चपेट में तीन कलाकार आ गए।
दो घायलों को धमतरी किया गया रेफर
बताया जा रहा है कि हादसे में झुलसे हेमंत ध्रुव और सोम नाम के दो युवकों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए धमतरी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, तीसरे घायल तोषण साहू की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उनका उपचार घर पर ही चलने की जानकारी सामने आई है।
तीनों कलाकार रामलीला में हनुमान जी का किरदार निभा रहे थे। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आग से जुड़े करतब दिखाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम बेहद जरूरी हैं। ग्राम छिपली में हुई इस घटना ने ऐसे आयोजनों के दौरान अग्नि सुरक्षा और सावधानियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं,फिलहाल घायलों के स्वास्थ्य को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।
