
नगरी बेलरगांव देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ बेलरगांव में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान पूरा गांव “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली। यात्रा के दौरान देश के लिए शहीद हुए वीर जवानों के परिवारों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पुलिस विभाग में वर्तमान में पदस्थ गांव के जवानों को भी उनकी सेवा और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
शहीद परिवारों का सम्मान
कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि आज देशवासी जिस आजादी और सुरक्षा का अनुभव कर रहे हैं, उसके पीछे वीर शहीदों का अमूल्य बलिदान है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी को देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश देने का प्रयास किया गया।

शहीद परिवारों ने सम्मान को अपने लिए गर्व और सम्मान की बात बताया। वहीं पुलिस जवानों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और देश सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
बस स्टैंड पर राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
तिरंगा यात्रा का समापन बेलरगांव बस स्टैंड पर हुआ। यहां सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और तिरंगे को सलामी दी। पूरे आयोजन के दौरान गांव में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, ग्राम पंचायत बेलरगांव की सरपंच रीता नेताम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप, जिला पंचायत सदस्य गरीमा नेताम, उपसरपंच मोहिनी साहू, मंडल अध्यक्ष हुमिंत लिमजा, सेवानिवृत्त डॉ. एस.के. नाग, व्याख्याता आर.के. देवांगन, सुरेंद्र नेताम, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहन पुजारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमरसिंह पटेल, शेखर आडील, वरिष्ठ भाजपा नेता लिलंबर साहू, महामंत्री दीपक साहू, मोनू साहू, कोषाध्यक्ष उमेश साहू, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मौर्यध्वज सेन, मीडिया प्रभारी उमेंद्र दीवान, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष लिलेश प्रजापति, गजेंद्र नेताम, टेकराम पटेल, संतोष ध्रुव, कमला साहू, मनीष भास्कर, अलेश्वर पटेल, तीरथ साहू, संतोष देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत के पंचगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, युवा, ग्रामीण और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।