धमतरी में अवैध उत्खनन पर खनिज विभाग का बड़ा एक्शन, 7 हाईवा समेत 9 वाहन जब्त..!

धमतरी। जिले में अवैध खनन और खनिजों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत पिछले दो दिनों में कुरूद और धमतरी क्षेत्र से 9 वाहन जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से मुरूम और रेत का परिवहन करते हुए 7 हाईवा, 1 जेसीबी मशीन और 1 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। सभी वाहनों को कृषि उपज मंडी और कलेक्ट्रेट की कम्पोजिट बिल्डिंग परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग द्वारा संबंधित मामलों में खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत अर्थदंड वसूलने सहित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के खनिजों का उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए जिले में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

