CG-विधायक आसाराम नेताम का मोबाइल नंबर हैक, व्हाट्सएप से भेजे जा रहे पैसे मांगने के मैसेज…

डेस्क : कांकेर:विधायक आशाराम नेताम का मोबाइल नंबर हैक कर उनके व्हाट्सएप के जरिए लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है. बुधवार सुबह विधायक के मोबाइल नंबर से कई लोगों को अर्जेंट पैसे की जरूरत बताकर मैसेज भेजे गए. इसकी जानकारी मिलते ही विधायक ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
विधायक आशाराम नेताम ने जानकारी दी है कि उनका मोबाइल नंबर हैक हो गया है. इस नंबर से किसी भी व्यक्ति को व्हाट्सएप मैसेज, कॉल या पैसों की मांग किए जाने पर भरोसा न करें और किसी भी तरह का आर्थिक लेन-देन न करें.
विधायक के नंबर से कई लोगों को पैसे मांगने का मैसेज भेजा
बताया जा रहा है कि सुबह कई लोगों के मोबाइल पर विधायक के नंबर से अचानक पैसों की मांग वाले मैसेज आने लगे. कुछ लोगों ने जब सीधे विधायक से संपर्क कर इसकी पुष्टि की, तब मोबाइल नंबर हैक होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद विधायक ने तत्काल पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी. मामले की जानकारी मिलने के बाद साइबर पुलिस की टीम जांच में जुट गई है.
विधायक ने क्षेत्रवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज पर प्रतिक्रिया न दें और न ही पैसे ट्रांसफर करें. साथ ही इस सूचना को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक साझा करें, ताकि कोई भी व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार न हो.



