छत्तीसगढ़बेमेतरा जिला

CG:1 दिसंबर से बेमेतरा में चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध निर्माण पर भी होगी सख्त कार्रवाई… विजय सिन्हा अध्यक्ष नगरपालिका

विजय सिन्हा अध्यक्ष नगरपालिका

संजू जैन जिला संवाददाता बेमेतरा

7000885784

बेमेतरा:शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बेमेतरा द्वारा 1 दिसंबर से व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जाएगा इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

अभियान के अंतर्गत सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण, दुकानों के सामने सार्वजनिक स्थानों पर किए गए कब्जे तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा। नगर पालिका का उद्देश्य आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना है।

बिना अनुमति निर्माण करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

नगर पालिका क्षेत्र में भवन निर्माण को लेकर भी प्रशासन सख्ती बरतने जा रहा है। जिन भवन मालिकों ने बिना भवन अनुज्ञा (परमिशन) के निर्माण कराया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिन लोगों ने आवासीय भवन निर्माण की अनुमति लेकर उसका व्यावसायिक उपयोग अथवा व्यावसायिक निर्माण किया है, ऐसे मामलों की भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने अभी तक अपने भवन निर्माण की अनुमति नहीं ली है, वे नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नियमानुसार भवन अनुज्ञा प्राप्त करें। वहीं जिन लोगों ने स्वीकृत नक्शे एवं अनुमति की शर्तों के विपरीत निर्माण किया है, वे भी अपने दस्तावेजों की जांच कराकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।

स्वयं अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें नागरिक

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि शहर का विकास केवल सड़क, नाली एवं अन्य निर्माण कार्यों से ही नहीं, बल्कि बेहतर व्यवस्था और नागरिकों के सहयोग से भी संभव है। अतिक्रमण के कारण आम लोगों, राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसलिए सभी व्यापारी एवं नागरिक स्वयं आगे आकर सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाएं और शहर को व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 दिसंबर से अभियान के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर के विकास, सुगम यातायात और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के मामलों पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button