छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सीमा से कवर्धा होते हुए रायपुर तक 6-लेन एक्सप्रेसवे की सौगात, सांसद संतोष पांडेय ने पीएम मोदी और नितिन गडकरी का जताया आभार।

कवर्धा/केंद्र सरकार ने जबलपुर-भोपाल ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा जबलपुर-मंडला-छत्तीसगढ़ सीमा-कवर्धा-सिमगा-रायपुर 6-लेन मार्ग परियोजना को हरी झंडी दे दी है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।

सांसद संतोष पांडेय ने बताया कि लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की परियोजना से मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। प्रस्तावित कॉरिडोर मध्यप्रदेश में भोपाल, सागर, दमोह, जबलपुर और मंडला से होते हुए छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करेगा तथा चिल्फीघाटी, कवर्धा, बेमेतरा और सिमगा होते हुए रायपुर से जुड़ेगा।

इस परियोजना के तहत जबलपुर से छत्तीसगढ़ सीमा,कवर्धा होते हुए रायपुर तक के महत्वपूर्ण मार्ग को 6-लेन एक्सप्रेसवे के रूप में उन्नत किया जाएगा। इस हिस्से को करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किए जाने की बात सांसद ने कही है।

सांसद पांडेय के अनुसार, परियोजना पूर्ण होने के बाद भोपाल से रायपुर की यात्रा का समय लगभग 14-15 घंटे से घटकर 6-7 घंटे रह सकता है। वहीं जबलपुर से रायपुर की दूरी तय करने में लगने वाला समय 7-8 घंटे से घटकर करीब 3.5-4 घंटे होने की उम्मीद है।

यह इंटर-स्टेट कॉरिडोर मध्यभारत के लिए एक महत्वपूर्ण परिवहन और व्यापारिक मार्ग साबित होगा। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के साथ-साथ आम नागरिकों की आवाजाही भी आसान होगी। छत्तीसगढ़ आने वाले पर्यटकों को भी इस बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा लाभ मिलेगा।

सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकसित हो रहे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में मध्यभारत की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है। यह परियोजना ‘विकसित भारत’ के संकल्प को गति देने वाली ऐतिहासिक पहल साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button