धमतरीनगरी

अब गांव में नहीं बिकेगी शराब! पंचायत का बड़ा फैसला, बेचने पर ₹50 हजार जुर्माना..

आपके

धमतरी जिले के बेलरगांव क्षेत्र के ग्राम पंचायत घुरावड ने नशे के खिलाफ एक बड़ी पहल की है। ग्राम सभा के फैसले के बाद गांव में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अब गांव में शराब बेचने वालों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम मिलेगा।

ग्राम पंचायत घुरावड में ग्राम सभा की सर्वसम्मति से नशामुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया गया। अभियान के तहत स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने पूरे गांव में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने नारे लगाते हुए समाज को नशामुक्त बनाने की अपील की।

ग्राम सभा ने निर्णय लिया है कि गांव में किसी भी व्यक्ति द्वारा शराब की बिक्री या अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार करने पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, ऐसे मामलों की सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि नशे की वजह से परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं, इसलिए सभी के सहयोग से गांव को नशामुक्त बनाया जाएगा।

इस अभियान में जनपद सदस्य मौसमी बिमल मंडावी, सरपंच महेश नेताम, उपसरपंच ईश्वर नेताम, ग्राम पटेल रतनलाल कोर्राम, पंचगण, महिला समूह की सदस्याएं, युवा, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर गांव को स्वच्छ, सुरक्षित और नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

ग्राम पंचायत घुरावड की यह पहल अब आसपास के गांवों के लिए भी एक मिसाल बनती नजर आ रही है। यदि इस तरह जनभागीदारी के साथ अभियान चलता रहा, तो नशामुक्त समाज का सपना साकार हो सकता है।

Related Articles

Back to top button