छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अब राशन के लिए नहीं लगानी होगी लंबी लाइन,इन जिलों में शुरू होगा ग्रेन एटीएम…

डेस्क : सरकारी राशन लेते हैं और राशन की दुकान पर लंबी लाइन से परेशान रहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ में अब राशन लेने का तरीका बदलने जा रहा है। प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ग्रेन एटीएम की शुरुआत की जा रही है। इसके जरिए हितग्राही अपनी सुविधा के हिसाब से 24 घंटे राशन ले सकेंगे।

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल करेंगे शुरुआत

अनुपूर्ति ग्रेन एटीएम का शुभारंभ आज खाद्य मंत्री दयालदास बघेल करेंगे। इस सुविधा का मकसद राशन लेने की प्रक्रिया को आसान बनाना है, ताकि लोगों को राशन की दुकान पर जाकर अपनी बारी का इंतजार न करना पड़े। नई व्यवस्था में मशीन के जरिए राशन मिलेगा। यानी हितग्राही को पहले अपनी पहचान बतानी होगी और उसके बाद मशीन से राशन प्राप्त किया जा सकेगा।

राशन कार्ड या आधार नंबर से होगी पहचान

ग्रेन एटीएम से राशन लेने के लिए हितग्राही की पहचान राशन कार्ड नंबर या आधार नंबर से होगी। इसके बाद बायोमेट्रिक यानी अंगूठे से पहचान की जाएगी। पहचान सही पाए जाने के बाद मशीन से राशन बाहर आएगा। इस पूरी प्रक्रिया को काफी आसान रखा गया है, ताकि लोगों को राशन लेने में ज्यादा परेशानी न हो।

मशीन खुद बताएगी कितना राशन मिला

ग्रेन एटीएम की स्क्रीन पर राशन से जुड़ी जानकारी भी दिखाई देगी। राशन निकलने के बाद स्क्रीन पर यह भी पता चलेगा कि कितना राशन दिया गया है और वितरण पूरा हुआ या नहीं। इससे हितग्राही के पास राशन मिलने की जानकारी साफ तौर पर रहेगी। साथ ही राशन वितरण की पूरी प्रक्रिया मशीन के जरिए दर्ज होगी।

Related Articles

Back to top button