छत्तीसगढ़

सावन के प्रथम सोमवार पर कबीरधाम पुलिस की अनूठी मिसाल, सेवा,सुरक्षा और समर्पण का संगम, श्रद्धालुओं की सेवा में भी अग्रणी रही पुलिस।

कवर्धा/सावन मास के प्रथम सोमवार पर भगवान भोरमदेव धाम में उमड़े हजारों श्रद्धालुओं के बीच कबीरधाम पुलिस ने सुरक्षा के साथ सेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में थाना भोरमदेव एवं चौकी पौड़ी द्वारा थाना परिसर के सामने विशेष सेवा शिविर लगाया गया,जहां कांवड़ यात्रियों,पदयात्रियों और श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार एवं पेयजल वितरित किया गया।

भोरमदेव धाम में दर्शन के लिए प्रदेशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पुलिस बल ने मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन,वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। इसके साथ ही जनसेवा की भावना से सेवा शिविर का संचालन कर श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव स्वयं सेवा शिविर में पहुंचे और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार वितरित किया। इस दौरान पुलिस जवान अपनी नियमित ड्यूटी के साथ सेवा कार्यों में भी सक्रिय रूप से जुटे रहे।

सावन के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक यादव ने बूढ़ा महादेव मंदिर से बाबा भोरमदेव धाम तक पैदल यात्रा कर भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की तथा जिले की सुख-समृद्धि,शांति, सामाजिक सौहार्द और मजबूत कानून-व्यवस्था की कामना की।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा कबीरधाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले का पुलिस बल पूरी संवेदनशीलता,जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ कार्य कर रहा है, ताकि हर श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा संपन्न कर सके।

Related Articles

Back to top button