बाॅंकीमोंगरा प्रेस क्लब प्रांगण में अध्यक्ष एवं संरक्षक ने फहराया तिरंगा, छोटे बच्चों ने बढ़ाया उत्साह…

नयाभारत कोरबा जिले के बाॅंकीमोंगरा के प्रेस क्लब में आज 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के 80वीं वर्षगांठ धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

ध्वजारोहण से पूर्व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सम्माननीय सदस्यों द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया तत्पश्चात प्रातः 9:00 बजे पूरी गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में ध्वजारोहण किया गया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष निशांत झा एवं संरक्षक मकसूद कुरैशी ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में छोटे बच्चे भी उपस्थित रहे। बच्चों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के बलिदान के बाद मिली है। देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।

क्लब के सदस्यों में मुख्य रूप से विनोद साहू,साबिर अंसारी,मनहरण साहू,अजय मिश्रा,अनुज पाठक,अनिल पाल,हीरा साहू,सुमित अग्रवाल,नागेन्द्र सोनी,राजकुमार साहू, ओम कुर्रे,विमल सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बच्चों एवं सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं,स्वल्पाहार वितरण किया गया तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया गया।

