धमतरीनगरी

बोराई में विशेष स्वास्थ्य शिविर: 243 मरीजों को मिला विशेषज्ञ उपचार, 31 बालिकाओं को लगा HPV टीका..!

धमतरी। जिले के बोराई स्थित सिविल अस्पताल में शुक्रवार को आयोजित एक दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर में 243 मरीजों ने विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला धमतरी तथा IMA धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क जांच, विशेषज्ञ परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

कलेक्टर के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति, जनरल सर्जरी, नेत्र, शिशु एवं अस्थि रोग विशेषज्ञों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और परामर्श दिया।

बीपीएम हितेंद्र साहू ने बताया कि शिविर में कुल 243 मरीजों का परीक्षण किया गया। इनमें 47 स्त्री रोग, 35 नेत्र रोग, 41 मेडिसिन, 51 जनरल सर्जरी, 39 शिशु रोग तथा 21 हड्डी रोग से संबंधित मरीज शामिल रहे। सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

शिविर की विशेष उपलब्धि 31 स्कूली बालिकाओं का HPV टीकाकरण रहा। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दौरान छात्राओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता अपनाने तथा बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एन. सोम ने स्वास्थ्य विभाग, IMA धमतरी, विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिरायु दल, मितानिनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत बोराई एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की बात कही।

Related Articles

Back to top button