छत्तीसगढ़

CG – हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों ने जड़ दिया ताला, प्रिंसिपल पर लगाए गंभीर आरोप, प्रशासन ने उठाया ये बड़ा कदम……

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के सिलफिली स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने स्कूल में जरूरी मूलभूत सुविधाओं की कमी के साथ-साथ प्राचार्य के कथित दुर्व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई।

छात्रों के विरोध के चलते स्कूल परिसर में काफी देर तक माहौल गर्म रहा। विद्यार्थियों ने अपनी समस्याओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के सामने मांगें रखीं। इसके बाद अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया। मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

छात्रों का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से कई पंखे खराब हैं और कक्षाओं में जरूरी सुविधाओं का अभाव है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। नाराज स्टूडेंट्स ने प्राचार्य के व्यवहार को लेकर नाराजगी देखने को मिली।

महिला स्टाफ और छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप

स्कूल की एक महिला कर्मचारी ने भी प्राचार्य पर अभद्र व्यवहार और ऊंची आवाज में बात करने का आरोप लगाया। कुछ छात्राओं ने भी प्राचार्य पर दुर्व्यवहार और अनुचित व्यवहार का आरोप लगाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं और स्कूल स्टाफ के अलग-अलग बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है।

प्रिंसिपल को स्कूल से हटाया, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलने पर लटोरी तहसीलदार और विकासखंड शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और स्टाफ से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। तहसीलदार ने बताया कि प्रथम जांच में सामने आई शिकायतों के आधार पर प्राचार्य को 15 दिनों के लिए स्कूल से हटाया गया है। आगे की जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्रों ने स्कूल की तालाबंदी और धरना समाप्त कर दिया। फिलहाल शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button