धमतरी

बुलेट का पटाखा साइलेंसर नहीं चलेगा…धमतरी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन…3 बुलेट से उतरवाए मॉडिफाइड साइलेंसर, 7 नाबालिग वाहन चालक पकड़ाए

छत्तीसगढ़ धमतरी। शहर की सड़कों पर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और नाबालिगों की वाहन चलाने की लापरवाही पर धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

3 बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए, लगा 3 हजार का जुर्माना

अभियान के दौरान तीन बुलेट मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे मिले। यातायात पुलिस ने तत्काल तीनों वाहनों के साइलेंसर उतरवाए। साथ ही वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 1,000 रुपये के हिसाब से कुल 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

7 नाबालिग बाइक चलाते मिले, परिजनों को बुलाकर दी समझाइश

जांच के दौरान सात नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस सभी को यातायात चौकी लेकर पहुंची और उनके परिजनों को यातायात कार्यालय बुलाया। यहां अभिभावकों को समझाइश देते हुए कहा गया कि निर्धारित आयु पूरी करने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने से पहले बच्चों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें।

पुलिस ने अभिभावकों को आगाह किया कि नाबालिगों को वाहन चलाने देना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे बच्चों और अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी एल्कोमीटर से जांच

यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। इसके लिए एल्कोमीटर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

धमतरी पुलिस की वाहन चालकों से अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफिकेशन नहीं कराने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की अपील की है।

पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

धमतरी पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

Related Articles

Back to top button