नगरी

दुगली में पहली बारिश ने खोली पंचायत की पोल, नालियां जाम तो घरों में घुसा पानी…!

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के दुगली ग्राम पंचायत में पहली तेज बारिश ने पंचायत की तैयारियों की पोल खोल दी। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से स्टेशन पारा वार्ड के कई घरों और बाड़ियों में बारिश का पानी भर गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शनिवार रात से रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश के कारण नालियां जाम हो गईं और पानी की निकासी रुक गई। हालात ऐसे बने कि पानी सीधे ग्रामीणों के घरों और बाड़ियों में घुसने लगा…

परेशानी बढ़ने पर ग्रामीणों ने पंचायत का इंतजार करने के बजाय खुद मोर्चा संभाला। सुरेन्द्र राज ध्रुव, कन्हैया यादव, हलालखोर यादव, घुराऊ राम यादव, सुरेश कुमार मंडावी, राजेश नेताम, जगेश्वर नेताम और राजेश्वर नेताम सहित अन्य ग्रामीणों ने बारिश के बीच श्रमदान कर नालियों में जमा मिट्टी और कचरा हटाया, जिससे पानी की निकासी फिर से शुरू हो सकी।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश से पहले ग्राम पंचायत द्वारा नालियों की साफ-सफाई और स्वच्छता मद से आवश्यक कार्य कराए गए होते, तो यह स्थिति नहीं बनती। उनका आरोप है कि पंचायत ने समय रहते मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया।

फिलहाल ग्रामीणों के प्रयास से जल निकासी की व्यवस्था तो बहाल हो गई है, लेकिन गांव की सभी नालियों की तत्काल साफ-सफाई की जरूरत बनी हुई है, ताकि आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान लोगों को दोबारा ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button