धमतरी

राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ की सामान्य परिचर्चा, जल संरक्षण, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण पर दिया विशेष जोर…परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधा रोपा

धमतरी…राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सामान्य परिचर्चा करते हुए विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जल संरक्षण, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, कामकाजी महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, नशा मुक्ति अभियान, जनमन कार्यक्रम, रेडक्रॉस गतिविधियों तथा नवाचारों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। उन्होंने परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधा रोपा ।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। उन्होंने जल जीवन मिशन, जल संरक्षण उपायों, कृषि में आधुनिक तकनीकों एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग, पर्यटन विकास तथा नवाचारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को विस्तार से बताया। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार द्वारा नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत की गई कार्यवाही, दर्ज प्रकरणों एवं अभियान की सफलता संबंधी जानकारी साझा की गई।


राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध राज्य है, किंतु धान एक अधिक पानी वाली फसल है, इसलिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगाह किया कि आने वाले वर्षों में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है, अतः सभी को अभी से सजग होकर पानी बचाने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने कम पानी में होने वाली फसलों को बढ़ावा देने पर बल दिया।
राज्यपाल ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए सभी अधिकारियों से स्वयं पौधारोपण कर उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधे भविष्य में पहचान बनें और समाज में सकारात्मक संदेश दें। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खाली पड़ी भूमि पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य के विषय में राज्यपाल ने सिकल सेल बीमारी एवं मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए मरीजों की जानकारी ली तथा 40 वर्ष से अधिक आयु की शासकीय एवं कामकाजी महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं को स्वयं भी अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
राज्यपाल ने जिले में एलोरा फसल की खेती की सराहना करते हुए इसके व्यापक बाजार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला और खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) के क्षेत्र में आगे बढ़ने के सुझाव दिए। उन्होंने रेडक्रॉस से जुड़कर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जनमन कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष रूप से कमार जनजाति के जीवन स्तर में सुधार पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनकी पारंपरिक संस्कृति को अक्षुण्ण रखते हुए उन्हें स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर जीवन सुविधाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों से समाज के हित में कम से कम एक सकारात्मक कार्य व्यक्तिगत स्तर पर भी करने का आह्वान किया, चाहे वह स्वच्छता, जागरूकता या सामाजिक सहयोग से संबंधित हो।कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न भेंट किया ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button