CG – मस्तूरी के ग्राम अकोला में चंडी मंदिर में चोरी, दान पेटी से करीब 30 हजार रुपए पार, गांव में आक्रोश पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी//मस्तूरी विकासखंड के ग्राम अकोला में बीती रात मंगलवार को चोरों ने गांव के बीचों-बीच स्थित चंडी मंदिर – माता चौरा में धावा बोलकर दान पेटी में रखी नगदी पार कर दी।
ग्रामीणों का अंदाजा है कि दान पेटी में लगभग 30 हजार रुपए के आसपास रकम रही होगी, क्योंकि दान पेटी बहुत दिनों से नहीं खोली गई थी। चोर फटे नोट छोड़कर बाकी पूरी रकम उड़ा ले गए।
ना ताला टूटा, ना कोई आवाज – फिर कैसे हुई चोरी?
इस चोरी में सबसे अजीब और हैरान करने वाली बात यह है कि मंदिर के दरवाजे का ताला टूटा ही नहीं। ताले पर तोड़फोड़ का कोई निशान भी नहीं मिला। किसी ग्रामीण ने ताला तोड़ने की आवाज भी नहीं सुनी।
बताया जा रहा है कि चोर ने बड़े आराम से ताला खोला, चोरी की और फिर ताले को खुला छोड़कर ही चला गया। इसी बात ने पूरे मामले को और ज्यादा गंभीर बना दिया है।
चाबी वाला भी कर रहा इनकार, बढ़ा शक
बताया जाता है कि मंदिर में लगे ताले की चाबी पास के ही एक ग्रामीण के घर में रखी जाती है। लेकिन वह ग्रामीण भी ताला नहीं खोलने की बात कह रहा है।
अब गांव में बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर मंदिर में लगे ताले की चाबी और किसके पास थी, जिसने बड़ी होशियारी से ताला खोलकर दान पेटी का पैसा चोरी किया।
ग्रामीणों को आशंका है कि यह काम किसी बाहरी व्यक्ति का नहीं, बल्कि किसी जानकार व्यक्ति का हो सकता है, जिसे मंदिर की व्यवस्था और चाबी के बारे में पूरी जानकारी थी।
मल्हार चौकी में शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्हें ताला खुला हुआ मिला और दान पेटी टूटी हुई दिखी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तुरंत नजदीकी मल्हार चौकी में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि चोरी में कौन शामिल था और ताला किस चाबी से खोला गया।
आस्था के साथ खिलवाड़ से लोगों में भारी आक्रोश
मंदिर में चोरी के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ पैसे की चोरी नहीं है, बल्कि आस्था के साथ खिलवाड़ है।
लोगों ने मांग की है कि चोर को किसी भी हाल में पकड़कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि आगे से कोई भी मंदिर में चोरी करने की हिम्मत न कर सके।




