नगरी

सांकरा में प्रशासन की सख्ती का असर, नंदी चौक में जुए का फड़ नहीं लगा; ग्रामीणों ने जताया आभार..!

शांतिपूर्ण माहौल में मनी दीपावली, नंदी सेवा समिति ने सरपंच से लेकर कलेक्टर-एसपी तक का जताया आभार

धमतरी नगरी। दीपावली पर ग्राम सांकरा के नंदी चौक में इस बार जुए का फड़ नहीं जमा। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता व सख्ती से गांव में शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाया गया। नंदी चौक में खड़खड़िया और ताश के जरिए जुआ नहीं खेले जाने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की। इस व्यवस्था से खुश होकर नंदी सेवा समिति और ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया है। दरअसल दीपावली से पहले नंदी सेवा समिति और ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर नंदी चौक में खड़खड़िया और ताश के जरिए जुआ खिलाने पर रोक लगाने की मांग की थी। समिति ने ज्ञापन में बताया था कि 10 हजार से अधिक आबादी वाला सांकरा आसपास के गांवों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। दीपावली के दौरान नंदी चौक में जुए के फड़ लगने से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। इससे महिलाओं और छात्राओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। वहीं दुकानदारों के साथ अभद्र व्यवहार और कई परिवारों की मेहनत की कमाई जुए में गंवाने जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। जुआ पर रोक लगाने से गांव में दीपावली का पर्व उत्साह के साथ शांति से मनाने पर ग्रामीणों ने जोर दिया था।

शिकायत पर प्रशासन ने दिखाई सक्रियता

ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद थाना सिहावा पुलिस ने नंदी चौक में गश्त बढ़ाई। एसडीओपी नगरी, तहसीलदार और एसडीएम नगरी ने भी स्थिति पर नजर रखी। ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच-सचिव और ग्राम व्यवस्था समिति के अध्यक्ष ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।

प्रशासनिक सक्रियता का असर दीपावली के दिन देखने को मिला। नंदी चौक में न तो खड़खड़िया का फड़ लगा और न ही ताश के जरिए जुआ खेला गया। चौक में सामान्य दिनों की तरह व्यापारिक गतिविधियां और त्योहार की रौनक बनी रही। महिलाओं, छात्राओं और आसपास के गांवों से खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

दीपावली के उत्साह पर नहीं पड़ा खलल, ग्रामीणों को रास आया शांति का माहौल

शांतिपूर्ण दीपावली संपन्न होने पर नंदी सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज कश्यप, सचिव डिकेश्वर साहू, नेहरू साहू, कल्याण मत्स्यपाल, डिकेश साहू, गोपी साहू, दिलीप सेन, अजय साहू, विनय साहू, डिगेश साहू और सुबेलाल पटेल सहित ग्रामीणों ने प्रसन्नता जाहिर की।बसमिति ने सरपंच-सचिव ग्राम पंचायत सांकरा, ग्राम व्यवस्था समिति के अध्यक्ष, थाना प्रभारी सिहावा, एसडीओपी नगरी, तहसीलदार नगरी, एसडीएम नगरी, पुलिस अधीक्षक धमतरी और कलेक्टर धमतरी के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति का कहना है कि प्रशासन और ग्रामीणों के आपसी सहयोग से नंदी चौक की गरिमा बनी रही और सभी ने शांतिपूर्ण माहौल में दीपावली मनाई। भविष्य में भी इसी तरह का सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button