आज के युवा ही देश का भविष्य” – एसपी धमतरी सूरज सिंह परिहार ने पुलिस परिवार के बच्चों को दिया कैरियर मार्गदर्शन एवं मोटिवेशन…

▪️ धमतरी पुलिस की अनूठी पहल – सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए बच्चों को किया प्रेरित
▪️ कैरियर गाइडेंस एवं मोटिवेशन कार्यक्रम में पुलिस परिवार के मेघावी छात्र- छात्राओं ने लिया हिस्सा, अधिकारियों ने साझा किए सफलता के सूत्र
धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस परिवार के बच्चों एवं मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु पुलिस लाइन धमतरी में विशेष कैरियर गाइडेंस, मार्गदर्शन एवं मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे बच्चों को प्रेरित करना था, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल कर देश एवं समाज के लिए कुछ बेहतर करना चाहते हैं।
इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में पुलिस परिवार के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विभिन्न कैरियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं सफलता के मूल मंत्रों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी अधिकारियों द्वारा सरल एवं प्रेरणादायक तरीके से किया गया।

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के युवा ही देश का भविष्य हैं और एक अच्छा नागरिक बनने के लिए सबसे पहले अच्छे चरित्र एवं मजबूत व्यक्तित्व का निर्माण आवश्यक है।”
उन्होंने बच्चों को जीवन में डर एवं असफलताओं से न घबराने की सीख देते हुए कहा कि जिस विषय से डर लगे, सबसे पहले उसी विषय पर अधिक मेहनत कर उस डर को समाप्त करना चाहिए।
असफलता को जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताते हुए उन्होंने कहा कि संघर्ष एवं असफलता ही व्यक्ति को और अधिक मजबूत, सहनशील एवं सफल बनाती है।
एसपी महोदय ने बच्चों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित वॉकिंग, रनिंग, साइक्लिंग एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों से व्यक्तिगत संवाद करते हुए उनके भविष्य के सपनों एवं लक्ष्यों के बारे में पूछा। बच्चों ने कलेक्टर, डॉक्टर, प्रोफेसर, सर्जन एवं आर्म्ड फोर्सेस में अधिकारी बनने जैसी अपनी इच्छाएं व्यक्त कीं, जिस पर एसपी महोदय ने उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर मेहनत एवं सकारात्मक सोच बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।
▪️अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि “पढ़ाई एवं सीखने की कोई सीमा नहीं होती। यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो और व्यक्ति निरंतर मेहनत करता रहे, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।”
▪️ नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री अभिषेक चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को सफल व्यक्तियों के अनुभवों एवं इंटरव्यू से सीख लेने तथा अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि असफलता अंत नहीं, बल्कि सफलता की ओर बढ़ने का महत्वपूर्ण चरण है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पूर्व पदस्थापनाओं के दौरान भी पुलिस परिवार के बच्चों हेतु ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
इसी क्रम में भविष्य में स्टूडेंट पुलिस कैडेट (SPC) कार्यक्रम के माध्यम से सामान्य नागरिकों के बच्चों के लिए भी कैरियर गाइडेंस एवं मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
इस दौरान बच्चों ने अपनी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भविष्य के कैरियर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को अधिकारियों के समक्ष साझा किया, जिनका अधिकारियों द्वारा सरल, सकारात्मक एवं प्रेरणादायक तरीके से समाधान करते हुए उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री अभिषेक चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक धमतरी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।