छत्तीसगढ़

CG – पचपेड़ी के ग्राम भड़हा में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण संपन्न, दर्जनों गाँवों के 110 किसानों ने लिया हिस्सा पढ़े पूरी ख़बर

मस्तूरी//छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर तथा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत रैल्हा के आश्रित ग्राम भड़हा, विकासखंड पचपेड़ी, जिला बिलासपुर में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पचपेड़ी के सरपंच टंडन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, साथ ही अरविंद डहरिया की विशेष उपस्थिति रही।

प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में डॉ. चेतना जांगड़े (पादप रोग विज्ञान, कृषि महाविद्यालय कोरबा) ने कृषकों को बीज एवं मृदा जनित रोगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बीज परीक्षण की तकनीक, नमक के घोल में बीज उपचार कर धान की पोची एवं बदरा हटाने की विधि, तथा पीएसबी, एजोटोबैक्टर, राइजोबियम सहित अन्य जैव उर्वरकों द्वारा बीज उपचार का प्रायोगिक प्रदर्शन भी कराया, जिसे किसानों ने पहली बार देखा।

तत्पश्चात डॉ.आशीष केरकेट्टा ने वर्तमान कृषि में नवाचार पर जानकारी दी। ए.के.आहीरे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मस्तूरी ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और मिट्टी परीक्षण की सूची के बारे में अवगत कराया।

अंत में कार्यक्रम के आयोजक एवं परियोजना प्रभारी डॉ. रोशन भारद्वाज ने धान फसल एवं लघु धान्य के विपणन संबंधी जानकारी दी। साथ ही फसल प्रबंधन तकनीक एवं आगामी रबी फसलों की बोनी की कार्ययोजना तथा दलहन-तिलहन फसल विस्तार हेतु तकनीकी सलाह दी गई।

इस प्रशिक्षण में ग्राम भड़हा, रैल्हा धनगंवा धूर्वाकारी, पचपेड़ी, मानिकचौरी, कोकड़ी, भटचौरा, केवतरा, जैतपुरी, अमगांव सहित आसपास के गांवों से 100 से अधिक किसान एवं दीदियाँ शामिल हुए। किसानों ने अधिक से अधिक रकबे में आधुनिक खेती कर आर्थिक स्थिति में सुधार का संकल्प लिया।

इस पूरे आयोजन में कृषि विभाग की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button