सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरी में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी शिविर,योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता : सांसद भोजराज नाग…

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, स्वास्थ्य जांच एवं विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध; आंगनबाड़ी केंद्रों को मिले स्मार्ट टीवी, 175 दिव्यांग विभिन्न सहायक उपकरण से लाभान्वित,44 लोगों का यूडीआईडी बना,18 लोगों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बना,9 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग( हाथ-पैर) लगाये गए ।
धमतरी नगरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को साकार करते हुए नगरी के श्री श्रृंगी ऋषि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में जिला प्रशासन,समाज कल्याण और NSE Foundation जयपुर तत्वावधान में आज जिला स्तरीय जनकल्याणकारी निदान -3 शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न वर्गों के नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन कल्याण तथा सामाजिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों को एक मंच पर लाया गया।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने की। विशिष्ट अतिथि श्री प्रकाश बैस सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया।
सेवा का संकल्प तभी सार्थक, जब अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे लाभ : सांसद भोजराज नाग…
मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ समय पर और सहज रूप से पहुंचे। सेवा संकल्प अभियान इसी सोच को धरातल पर उतारने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि नगरी का यह शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने का आयोजन नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक सेवाएं पहुंचाने और उन्हें अधिकारों एवं सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास है। दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा देने के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाने वाला कदम है। स्वास्थ्य जांच तथा आधार, आयुष्मान कार्ड जैसी सेवाओं की उपलब्धता से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं।

सांसद ने कहा कि सेवा का भाव समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। रक्तदान जैसे कार्य मानवता की सेवा का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। इसी तरह राइस मिलर्स एसोसिएशन द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराना सामाजिक सहभागिता की सराहनीय पहल है। इससे बच्चों को डिजिटल माध्यम से सीखने के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार, प्रशासन और समाज जब मिलकर काम करते हैं, तब जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव व्यापक होता है। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेने, पात्र होने पर उनका लाभ उठाने तथा जरूरतमंद लोगों को भी इनसे जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने पोषण रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया ।
सेवा कार्यों में जनभागीदारी जरूरी : अरुण सर्वा
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। इससे लोगों को अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं को सामने रखने के साथ शासन की योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त होती हैं।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण, महिलाओं एवं किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण और नागरिकों के लिए स्वास्थ्य एवं शासकीय सेवाओं की उपलब्धता समग्र जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं। उन्होंने सेवा कार्यों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
नागरिकों को उनके नजदीक सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : कलेक्टर
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि नागरिकों को छोटी-छोटी शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और अधिक से अधिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि बहुविभागीय शिविर इस दिशा में उपयोगी माध्यम हैं, जहां नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की जानकारी और सेवाएं मिलती हैं। उन्होंने नागरिकों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

एक ही परिसर में मिलीं अनेक शासकीय सेवाएं
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पात्र दिव्यांगजनों एवं ग्रामीणों के आधार, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य आवश्यक कार्य किए गए।
दिव्यांगजनों को निशुल्क कृत्रिम उपकरण आदि से लाभान्वित किया गया । शिविर में 175 दिव्यांग आए । इस अवसर पर 16 दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल 13, व्हील चेयर ,27 श्रवण यंत्र ,3 बैसाखी,2 एल्बो क्रच ,7 वॉकिंग स्टिक, 1 वॉकर सहित अन्य सहायक उपकार वितरित किए गए । दिव्यांगों की स्वास्थ्य परीक्षण किया गया ।
ट्राइसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। मासिक धर्म स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण संबंधी जानकारी दी गई। बाला प्रोजेक्ट के सहयोग से स्नेट्रीपैड का वितरण किया गया । वहीं रक्तदान शिविर के माध्यम से नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी से डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
शिविर में राइस मिलर्स एसोसिएशन, नगरी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए। इससे बच्चों को डिजिटल एवं रोचक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के साथ प्रारंभिक बाल शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी।

सांसद श्री भोजराज नाग ने स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने वाले राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की ऐसी पहल विकास कार्यों में जनभागीदारी को मजबूत करती है।
समाज के सहयोग से सेवा का दायरा होता है व्यापक : प्रकाश बैस
विशिष्ट अतिथि श्री प्रकाश बैस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान शासन की योजनाओं को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल है। शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक साथ उपलब्ध होने से ग्रामीण नागरिकों को सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, स्थानीय संगठनों और नागरिकों का सहयोग ऐसे प्रयासों को और प्रभावी बनाता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं योजनाओं का लाभ लेने के साथ अपने आसपास के पात्र लोगों को भी उनके अधिकारों एवं शासकीय सुविधाओं की जानकारी दें।
मितानिनों और सहयोगी संस्थाओं का सम्मान…
कार्यक्रम में सांसद श्री भोजराज नाग एवं अतिथियों ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल एवं सहायक उपकरण वितरित किए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों को सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने वाले राइस मिलर्स एसोसिएशन, नगरी के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, महिलाएं, किशोरियां, दिव्यांगजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा ने आभार प्रदर्शन किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह शिविर शासकीय सेवाओं की पहुंच को सहज बनाने के साथ सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता को एक साथ आगे बढ़ाने का प्रयास रहा।

